नगर पंचायत परतावल की घोर लापरवाही छठ घाट बना कूड़ा घर
परतावल, महराजगंज, उत्तर प्रदेश
नगर पंचायत परतावल की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। वार्ड संख्या 13 लोहिया नगर स्थित पवित्र छठ घाट को नगर पंचायत द्वारा कूड़ा डंपिंग ग्राउंड में तब्दील कर दिया गया है। आरोप है कि पूरे नगर का कूड़ा खुलेआम इसी घाट परिसर में डाला जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
घाट परिसर में लगे सरकारी हैंडपंप से पानी लेने आने वाले लोगों को कूड़े के ढेर, दुर्गंध और कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि घाट तक आवागमन भी बाधित हो गया है। इसके बावजूद प्रतिदिन उसी स्थान पर कूड़ा गिराया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या की जानकारी होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौन साधे हुए हैं। छठ जैसे महापर्व से जुड़े पवित्र स्थल पर गंदगी फैलाकर श्रद्धालुओं की आस्था से खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि घाट की तत्काल सफाई कराई जाए और कूड़ा डंपिंग की व्यवस्था किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर की जाए।