संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनी जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
महराजगंज, उत्तर प्रदेश।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा तहसील नौतनवा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सभागार में जनशिकायतों की सुनवाई की गई। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 104 मामलों/जनशिकायतों की सुनवाई की गई, जिनमें से 11 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को भेजते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण करते समय शिकायतकर्ता की संतुष्टि का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील दिवस और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समय सीमा के भीतर और पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने स्तर से शिकायतों की स्वयं निगरानी करें और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल कराएं।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंच सके।
संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से राजस्व, पुलिस, नगर पंचायत, जिला पूर्ति विभाग तथा विद्युत विभाग से संबंधित मामले शामिल रहे।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, डीएफओ निरंजन सुर्वे, एसडीएम नवीन प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नवनाथ प्रसाद, जिला विकास अधिकारी भोला कन्नौजिया, तहसीलदार कर्ण सिंह, सूचनाधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता सुनील गुप्ता, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।