दोकटी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ईनामिया बदमाश को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार।
धनंजय कुमार शर्मा
बलिया, उत्तर प्रदेश।
थाना दोकटी व एसओजी जनपद बलिया की संयुक्त टीम द्वारा ₹25000 के एक इनामियां बदमाश को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया, पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा व एक का जिंदा कारतूस बरामद किया है। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय कुमार वर्मा ने एक वीडियो बयान जारी करते हुए देर रात हुई मुठभेड़ के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार ( 5. 6. 2026) को लगभग 23.05 बजे थाना दोकटी पुलिस रात्रि गश्त में मामूर थी कि मुखबिर खास की सूचना पर दोकटी ढाला के पास पुलिस घेराबंदी में हत्या के प्रयास से संबंधित एक इनामियां वांछित अभियुक्त द्वारा अपने को पुलिस से घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया गया, पुलिस पार्टी द्वारा आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाही में बदमाश धीरज सिंह पुत्र बलमेश्वर सिंह उर्फ मोहर सिंह निवासी ग्राम लक्ष्मण छपरा थाना दोकटी जनपद बलिया (उम्र करीब 26 वर्ष) के बाएं पैर में गोली लगी। पूछताछ के क्रम में ज्ञात हुआ कि घायल बदमाश 22 मार्च 2026 को सुजीत कुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय रामनारायण सिंह निवासी लक्ष्मण छपरा थाना दोकटी जनपद बलिया की हत्या करने की नियत से धारदार हथियार से जानलेवा हमला करके भाग गया था। मुठभेड़ में घायल बदमाश धीरज पुत्र बलमेश्वर सिंह उर्फ मोहर सिंह निवासी ग्राम लक्ष्मण छपरा थाना दोकटी जनपद बलिया को इलाज हेतु तत्काल पुलिस टीम द्वारा सीएससी सोनबरसा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है। पकड़े गए बदमाश के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाही की जा रही है।