थाना श्यामदेउरवा का एसपी द्वारा आकस्मिक निरीक्षण, खामियों पर जताई नाराजगी
करुणाकर राम त्रिपाठी
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सोमवार देर रात थाना श्यामदेउरवा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों, साफ-सफाई, थाना कार्यालय, साइबर एवं महिला हेल्प डेस्क सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की गई, जिसमें कई कमियां पाई गईं।
इन खामियों पर एसपी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही थानाध्यक्ष के विरुद्ध प्रारंभिक जांच के आदेश भी जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान लंबित प्रार्थना पत्रों और प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा की गई तथा कर्मचारियों को अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को जनता की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि थाना स्तर की पुलिसिंग ही जनता के विश्वास की नींव है, इसलिए हर शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।