Tranding
Sun, 31 May 2026 07:43 AM
राजनीति / Mar 01, 2026

योगी आदित्यनाथ के विदेशी दौरे से उत्तर प्रदेश की वैश्विक पहचान मजबूत हुई - डॉ. अम्मार रिज़वी

अबू शहमा अंसारी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश।

उत्तर प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री एवं ऑल इंडिया माइनॉरिटीज़ फ़ोरम फ़ॉर डेमोक्रेसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अम्मार रिज़वी ने राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को होली के पावन अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। अपने बधाई संदेश में उन्होंने मुख्यमंत्री के सिंगापुर और जापान के चार दिवसीय विदेशी दौरे की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उत्तर प्रदेश की प्रगति तथा वैश्विक स्तर पर बढ़ती पहचान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

डॉ. रिज़वी ने अपने संदेश में कहा कि विदेशी दौरे के दौरान भारतीय मूल के लोगों एवं निवेशक समुदाय द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिस गर्मजोशी से स्वागत किया गया, उससे यह स्पष्ट होता है कि राज्य की नेतृत्व क्षमता अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी आकर्षण का केंद्र बन रही है। उन्होंने कहा कि यह दौरा केवल कूटनीतिक एवं आर्थिक संबंधों को मजबूत करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इससे उत्तर प्रदेश की सकारात्मक छवि विश्व पटल पर और अधिक सुदृढ़ हुई है।

उन्होंने आगे कहा कि इस दौरे के दौरान सिंगापुर और जापान के निवेशकों के साथ लगभग डेढ़ लाख करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर तथा लगभग ढाई लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त होना राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत उत्साहजनक संकेत है। इन निवेश योजनाओं के क्रियान्वयन से राज्य के लगभग पाँच लाख युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है, जिससे आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

डॉ. रिज़वी ने कहा कि राज्य में तीव्र गति से विकसित हो रहा आधारभूत ढाँचा, एक्सप्रेसवे परियोजनाएँ, औद्योगिक विकास तथा बेहतर होती कानून-व्यवस्था ही वे प्रमुख कारण हैं जिनकी वजह से आज विदेशी निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने इस सफल विदेशी दौरे को राज्य के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक संकेत बताया।

अपने संदेश के अंत में डॉ. अम्मार रिज़वी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके साथ गए प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों को सफल विदेशी दौरे के लिए हार्दिक बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि उत्तर प्रदेश आने वाले समय में औद्योगिक, शैक्षिक एवं आर्थिक क्षेत्रों में नई उपलब्धियाँ हासिल करेगा।

यह जानकारी ऑल इंडिया माइनॉरिटीज़ फ़ोरम फ़ॉर डेमोक्रेसी के प्रचार-प्रसार विभाग के सचिव अबू शहमा अंसारी द्वारा प्रदान की गई।

Jr. Seraj Ahmad Quraishi
65

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap