छत्रपति शिवाजी महाराज महसूल समाधान शिविर अभियान (चरण-1): मार्च और अप्रैल में मंडल स्तर पर शिविरों का आयोजन।
ब्यूरो चीफ सैय्यद अनवर कादरी
छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद)महाराष्ट्र।
छत्रपति शिवाजी महाराज महसूल समाधान शिविर अभियान (चरण-1) के अंतर्गत जिले में मंडल स्तर पर शिविरों का आयोजन मार्च और अप्रैल महीनों में किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए निवासी उपजिल्हाधिकारी जनार्दन विधाते ने बताया कि जिले के 84 मंडलों में यह अभियान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलाया जाएगा।
प्रशासन द्वारा महसूल व्यवस्था को अधिक जनहितकारी बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों और महिलाओं की दैनिक समस्याओं का समाधान करने के उद्देश्य से राज्य शासन ने इस अभियान को लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत जिले में व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है।
कार्यक्रम का नियोजन इस प्रकार है:
5 मार्च तक मंडल स्तर पर पूर्व तैयारी
7 से 14 मार्च तक मंडल स्तर पर शिविरों का आयोजन
10 से 17 अप्रैल तक मंडल स्तर पर शिविरों का दूसरा चरण
8 से 15 मई तक नगर परिषद और नगर पंचायत स्तर पर शिविर
जिले के 9 तालुका, 84 मंडल, 500 सजा और 1369 गांवों में यह अभियान चलाया जाएगा। कुल मिलाकर 84 शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविरों में दी जाने वाली प्रमुख सेवाएं:
लंबित फेरफार प्रकरणों का निपटारा
अभिलेखों में सुधार
7/12 रिकॉर्ड में संशोधन
महसूली कानूनों के संबंध में जनजागरण और अमल
पाणंद (ग्रामीण) रास्तों से संबंधित समस्याएं
विभिन्न प्रमाणपत्रों का वितरण
तुकड़ेबंदी से जुड़े मामले
सामाजिक एवं आर्थिक सहायता योजनाओं की मंजूरी
प्रशासन ने नागरिकों से इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है।