Tranding
Mon, 13 Apr 2026 12:38 PM
धार्मिक / Dec 16, 2025

इल्म हासिल करना हर मुसलमान पर अनिवार्य है - गजाला शाह

इमामबाड़ा मुस्लिम गर्ल्स इंटर कॉलेज में सालाना जलसा-ए-ईद मिलादुन्नबी 

छात्राओं ने लगाए खानपान के स्टाल।

सैय्यद फरहान अहमद

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।

इमामबाड़ा मुस्लिम गर्ल्स इंटर कॉलेज मियां बाजार में सालाना जलसा-ए-ईद मिलादुन्नबी का आयोजन हुआ। कुरआन शरीफ की तिलावत से आगाज हुआ। कॉलेज की छात्राओं ने नात व मनकबत पेश की। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की जिंदगी पर रोशनी डाली गई। लड़कियों की तालीम पर जोर दिया गया। छात्राओं ने खान-पान के विभिन्न स्टाल भी लगाए। छात्राओं में मुफ्त किताबें भी बांटी गईं। 

मुख्य अतिथि गजाला शाह ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस्लाम में इल्म हासिल करना हर मुसलमान पर फर्ज (अनिवार्य) है। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने बेटियों की अच्छी परवरिश और उनकी तालीम पर विशेष जोर दिया है। तालीम व तरबियत न केवल एक लड़की के व्यक्तिगत विकास के लिए जरूरी है, बल्कि यह एक सशक्त समाज और शिक्षित पीढ़ी की नींव भी रखती है। जब आप एक लड़के को शिक्षित करते हैं, तो आप एक व्यक्ति को शिक्षित करते हैं, लेकिन जब आप एक लड़की को शिक्षित करते हैं, तो आप पूरे परिवार को शिक्षित करते हैं। तालीम लड़कियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाती है और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद करती है। आज भी कई क्षेत्रों में गरीबी व अन्य कारणों से लड़कियां स्कूल नहीं जा पातीं। इन्हें दूर करने के लिए सामुदायिक जागरूकता की आवश्यकता है। 

अध्यक्षता करते हुए कॉलेज की प्रधानाचार्या आमना खातून ने कहा कि लड़कियों की तालीम केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन्हें समाज में एक सम्मानित और सक्रिय नागरिक बनाने का जरिया है। लड़कियों की तालीम बहुत जरूरी है क्योंकि यह उन्हें आत्म-सम्मान और आर्थिक स्थिरता देती है। पढ़ी-लिखी लड़कियां न केवल अपना बल्कि अपने परिवार और समाज का भी भविष्य उज्ज्वल करती हैं। लड़कियों की तालीम सिर्फ एक व्यक्तिगत जरूरत नहीं, बल्कि पूरे समाज और देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है, जिससे दो घर (महिला और परिवार) रोशन होते हैं और समाज मजबूत बनता है।

अंत में दरूदो सलाम पढ़कर मुल्क में अमन, शांति, विकास व भाईचारे की दुआ मांगी गई। संचालन सरवत रहमा ने किया। जलसे में शाइस्ता मिर्जा, शहनाज हसन, शबनम परवीन, नौशीन, अंजुम अरीबा, शाइस्ता सेराज, अंजुम फातिमा, अर्चना सहित कॉलेज की अध्यापिकाएं व छात्राएं मौजूद रहीं।

Jr. Seraj Ahmad Quraishi
53

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap