परंपरागत मार्ग से ही निकलेंगे मोहर्रम जुलूस, डीजे और हथियारों के प्रदर्शन पर रोक।
कोतवाली थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील।
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली थाने पर मंगलवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीओ एलआईयू देव दयाल ने की। बैठक में क्षेत्र के मुतवल्लियों, इमाम चौक प्रतिनिधियों तथा संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान सीओ एलआईयू ने शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी से उनका कड़ाई से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के जुलूस परंपरागत मार्गों से ही निकाले जाएं और निर्धारित व्यवस्थाओं में किसी प्रकार का बदलाव न किया जाए। साथ ही तेज आवाज में डीजे बजाने, हथियारों के प्रदर्शन तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर भी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा न करें। प्रशासन की निगरानी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार बनी हुई है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मौजूद इमाम चौक मुतवल्ली एक्शन कमेटी के अध्यक्ष अब्दुल्लाह ने कहा कि यदि किसी मुतवल्ली या आयोजन समिति को कोई समस्या है तो उसे लिखित रूप से प्रशासन और कमेटी को अवगत कराएं, ताकि समन्वय स्थापित कर समय रहते समाधान कराया जा सके।
शहर कोतवाल छत्रपाल सिंह ने कहा कि जुलूस के दौरान किसी प्रकार के भड़काऊ नारेबाजी से बचें और आपसी भाईचारे तथा सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई अराजक तत्व माहौल खराब करने या त्योहार में खलल डालने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कोतवाली क्षेत्र के बड़ी संख्या में मुतवल्ली, ताजियादार एवं स्थानीय संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।