बल, बुद्धि व विद्या के देवता की आराधना कर बांटा प्रसाद।
अखिलेश्वर धर द्विवेदी
गोरखपुर महानगर।, उत्तर प्रदेश।
ज्येष्ठ माह के मंगलवार को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के परम भक्त एवं संकटमोचन, बल-बुद्धि-विद्या के प्रतीक भगवान श्रीहनुमान की भक्तिभाव से आराधना की गई। शहर के विभिन्न मंदिरों एवं मोहल्लों में श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड पाठ, पूजन-अर्चन और भंडारे का आयोजन कर जनकल्याण की कामना की।
रामगंज स्थित श्री श्री हनुमान सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हनुमान जी का पूजन-अर्चन हुआ। इसके बाद सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। भक्ति गीतों और भजनों के बीच श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम व हनुमान जी का गुणगान किया। कार्यक्रम में सुख-समृद्धि, शांति एवं सभी के मंगल की प्रार्थना की गई।
पाठ के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच भंडारे का आयोजन कर प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया। आयोजन स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। अतुल तिवारी, परमानंद शर्मा, अवधेश वर्मा, राजेश शर्मा भरत, राजन श्रीवास्तव, मोइनुद्दीन खान, लालता तिवारी आदि ने योगदान दिया।
इसी क्रम में बेतियाहाता क्षेत्र में भी हनुमान जी का पूजन-अर्चन एवं सुंदरकांड पाठ आयोजित किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से आरती कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर कार्यवाह शैलेन्द्र कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रभु श्रीराम और हनुमान जी का नाम स्मरण करने से सभी प्रकार के अमंगल का समूल नाश होता है। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से की गई प्रभु की भक्ति त्वरित फल प्रदान करती है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर पूजन करके संकटमोचन की आराधना हुई।