Tranding
Tue, 26 May 2026 10:26 PM

जिला पदाधिकारी ने की फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्यों की समीक्षा।

खराब प्रदर्शन वाले राजस्व कर्मचारियों और कृषि समन्वयकों को चिन्हित कर करवाई की प्रक्रिया शुरू।

मोहम्मद ग़ुलाम सरवर 

जमुई , बिहार।

फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों में जिले की रैंकिंग बढ़ाने और कर्मियों के बेहतर प्रदर्शन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री की राज्य स्तरीय रैंकिंग में जमुई जिले के पिछड़ने पर तीव्र असंतोष और गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट और कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि किसानों के हित में चलाए जा रहे इस राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता, उदासीनता और लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी क्रम में उन्होंने बैठक में उपस्थित अपर समाहर्ता श्री रविकांत सिन्हा को कड़ा निर्देश दिया कि लक्ष्य से पीछे रहने वाले और खराब प्रदर्शन करने वाले राजस्व कर्मचारियों तथा कृषि समन्वयकों को तत्काल चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध प्रभावी विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाए। इसके साथ ही, उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को स्वयं निरंतर क्षेत्र भ्रमण कर इस महत्वपूर्ण कार्य को हर हाल में 48 घंटे के भीतर निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने का सख्त आदेश दिया।

जिले में फार्मर रजिस्ट्री की गति को युद्ध स्तर पर बढ़ाने के लिए जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित कर्मियों को अपने-अपने लॉगिन से प्रत्येक दिन अनिवार्य रूप से न्यूनतम 10 फार्मर रजिस्ट्री करने का निर्देश दिया गया है। इस पूरे अभियान की दैनिक प्रगति सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों के लॉगिन की निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी। इस महत्वाकांक्षी अभियान की गति को धरातल पर तेज करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे क्षेत्र में जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं, पैक्स अध्यक्षों, स्थानीय जन प्रतिनिधियों तथा अन्य गणमान्य नागरिकों से संपर्क और समन्वय स्थापित करें। उन्होंने सभी को टीम भावना के साथ मिलकर कार्य करने की बात कही ताकि जमीनी स्तर पर इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई दे सकें।

इस अभियान की वास्तविक प्रगति की सीधी निगरानी और आकस्मिक जांच के लिए जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों को कल से लेकर 27 मई तक निरंतर क्षेत्र भ्रमण पर रहने का विशेष दायित्व सौंपा है। इसके अतिरिक्त, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार के दिशा-निर्देशों के आलोक में नए जमाबंदी वाले किसानों की फार्मर रजिस्ट्री को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का विशेष आदेश दिया गया है। इसके लिए प्रत्येक दिन की सुदृढ़ रणनीति तय कर कैंप मोड में काम किया जाएगा। जिन गांवों में जमाबंदी डेटा से संबंधित तकनीकी या प्रशासनिक समस्याएं आ रही हैं, वहां कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारी आपसी बेहतर समन्वय के साथ डेटा संग्रह कर उसपर आवश्यक कार्ययोजना बनाकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे।

इस अवसर पर योजना के दूरगामी और कल्याणकारी प्रभावों को रेखांकित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री नवीन ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री का यह पूरा अभियान सीधे तौर पर किसानों के आर्थिक और सामाजिक उत्थान से जुड़ा है। वर्तमान युग में कृषि और राजस्व से जुड़ी सभी सरकारी प्रक्रियाएं तेजी से डिजिटल प्रणाली में परिवर्तित हो रही हैं, ऐसे में यदि जमुई जिले के किसान इस रजिस्ट्री से वंचित रह जाते हैं, तो भविष्य में वे सरकार की विभिन्न हितकारी योजनाओं, वित्तीय अनुदानों और अन्य डिजिटल लाभों से वंचित हो जाएंगे। इसके साथ ही, जिला पदाधिकारी ने समस्त जिलावासियों और विशेषकर किसानो से अपील करते हुए कहा कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान के महत्व और दूरगामी लाभों को समझें तथा स्वेच्छा से आगे आकर अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य सुनिश्चित कराएं। पूरी बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी का रुख बेहद कड़ा रहा और उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर जिले को राज्य की रैंकिंग में शीर्ष पायदान पर लाने की अंतिम चेतावनी दी।

Jr. Seraj Ahmad Quraishi
1

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap