सीईआईआर पोर्टल की मदद से महराजगंज पुलिस ने बरामद किए 101 खोए मोबाइल, कीमत लगभग 30 लाख रुपये
करुणाकर राम त्रिपाठी
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के कुशल नेतृत्व में सर्विलांस सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए CEIR पोर्टल एवं विभिन्न माध्यमों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर 101 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
सर्विलांस टीम ने IMEI नंबर आधारित ट्रैकिंग, आधुनिक तकनीकी संसाधनों और CEIR पोर्टल की सहायता से विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन खोजकर उनके वास्तविक स्वामियों को वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर सुपुर्द किया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने महराजगंज पुलिस और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग समय की आवश्यकता है और जनता की छोटी से छोटी समस्या का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल चोरी या गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाने अथवा सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं।
बरामदगी करने वाली सर्विलांस टीम में शामिल रहे—
क0ऑ0 ग्रेड-बी सुशील सिंह, शिवानन्द पासवान, मुख्य आरक्षी राजकुमार राजभर, आलोक पाण्डेय, आरक्षी सुधीर कुमार यादव, सूरज गुप्ता एवं नीरज कुमार गोंड।
पुलिस के अनुसार अधिकांश मोबाइल भीड़भाड़ वाले बाजारों, यात्रा के दौरान बस-ऑटो में छूटने, शादी समारोह, धार्मिक स्थलों, पार्कों तथा लापरवाही के कारण गुम हुए थे।