Tranding
Wed, 24 Jun 2026 01:42 PM
अपराध / May 07, 2026

गया में निर्माणाधीन सड़क पर भीषण हादसा, कार-बस की टक्कर में तीन घायल।

नकटी पुल और रोंछा मोड़ के बीच हुआ हादसा, चालक की हालत गंभीर; धूल और अधूरी सड़क बनी दुर्घटना की वजह।

रिपोर्ट:विनोद विरोधी 

 गया, बिहार।

जिले के इमामगंज प्रखंड अंतर्गत कोठी थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम निर्माणाधीन सड़क पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नकटी पुल और रोंछा मोड़ के बीच तेज रफ्तार कार और यात्री बस के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए, जबकि बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें चालक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार इमामगंज-एघरा मुख्य मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे धूल के घने गुबार और अधूरी सड़क के बीच सामने से आ रही बस और कार की सीधी टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। सड़क पर लगातार धूल उड़ने के कारण वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं दे रहे हैं।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं बस में सवार यात्रियों को मामूली चोटें आईं और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप

स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा, जिससे दिनभर धूल का गुबार बना रहता है। इसी वजह से आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इमामगंज से एघरा तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य ठेकेदार सीताराम यादव द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य की जांच कराने, नियमित पानी छिड़काव सुनिश्चित करने और सुरक्षा मानकों का पालन कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो आगे और बड़े हादसे हो सकते हैं।

Jr. Seraj Ahmad Quraishi
25

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap