महराजगंज पुलिस की बड़ी सफलता: 101 खोए मोबाइल बरामद, कीमत करीब 30 लाख
CEIR पोर्टल और सर्विलांस की मदद से मिली कामयाबी, मालिकों को लौटाए गए फोन
करुणाकर राम त्रिपाठी
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
महराजगंज पुलिस ने एक बार फिर अपनी तकनीकी दक्षता और कार्यकुशलता का परिचय देते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में सर्विलांस सेल ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से 101 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने IMEI नंबर आधारित ट्रैकिंग और आधुनिक तकनीकी उपकरणों का उपयोग करते हुए यह सफलता हासिल की।
बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया। अपने खोए फोन वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने इस उपलब्धि पर सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए कहा कि “जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हमारी प्राथमिकता है। तकनीक आधारित पुलिसिंग के जरिए हम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा के लिए लगातार प्रयासरत हैं।”