Tranding
Sun, 07 Jun 2026 04:54 AM

होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर महराजगंज में तैयारियां पूरी

महराजगंज, उत्तर प्रदेश

जिले में होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को जनपद के 11 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 25,920 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा तीन दिनों में छह पालियों में कराई जाएगी, प्रत्येक पाली में 4,320 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

परीक्षा को नकल विहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी समय से अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचें, केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने दें और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखें।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को भी सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभ्यर्थियों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।

हर परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे, जबकि जोनल मजिस्ट्रेट लगातार निरीक्षण करेंगे। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

सुरक्षा के दृष्टिगत सभी 11 केंद्रों पर कुल 437 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त सभी थानों से कानून-व्यवस्था और यातायात ड्यूटी भी लगाई गई है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी—प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक।

जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाएगी।

Karunakar Ram Tripathi
30

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap