विश्व पर्यावरण दिवस पर छात्र-छात्राओं के बीच पौधा वितरण, पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प।
शाहनवाज अता
हाजीपुर, वैशाली, बिहार।
राष्ट्रीय युवा गांधी संघ के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लक्ष्य कंप्यूटर, सहदुल्लापुर में पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दर्जनों छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न प्रकार के पौधों का वितरण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय युवा गांधी संघ के अध्यक्ष नवनीत कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी संस्था का कार्य नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बड़ा बदलाव संभव है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सभी लोगों को अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधा लगाने एवं उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लेना चाहिए।
संघ के संयुक्त सचिव मुकेश कुमार ने कहा कि आधुनिक विकास की अंधी दौड़ में प्रकृति का लगातार दोहन हो रहा है। पेड़ों की अंधाधुंध कटाई, बढ़ता प्रदूषण, प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग तथा प्राकृतिक संसाधनों का अनियंत्रित दोहन पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को लेकर जागरूकता का परिचय देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वृक्ष वितरण एवं कार्यक्रम के सफल संचालन में बुधन सिंह, चंद्रमोहन प्रसाद सिंह, विशाल कुमार, राजा कुरैशी, राजेन्द्र सिंह, सुजीत कुमार, राजकुमार सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना था।