मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धांजलि कार्यक्रम सकुशल संपन्न
करुणाकर राम त्रिपाठी
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
महराजगंज जनपद के सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल की पत्नी के श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अवसर पर कोतवाली क्षेत्र के पिपरा बाबू में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन हुआ। कार्यक्रम गरिमामय एवं शांतिपूर्ण वातावरण में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सकुशल संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए पूर्व में ही जिलाधिकारी महराजगंज संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित किए गए थे।
कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड, आगमन-प्रस्थान मार्ग, पार्किंग स्थल, मंच एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। पूरे क्षेत्र को विभिन्न सेक्टर एवं जोन में विभाजित कर पुलिस बल की प्रभावी तैनाती की गई।
अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था हेतु बैरिकेडिंग, सघन चेकिंग अभियान, सीसीटीवी निगरानी एवं पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित की गई। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को पूर्व में ब्रीफ कर सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कर्तव्यों के निर्वहन हेतु निर्देशित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से डटे रहे, जिसके परिणामस्वरूप कार्यक्रम पूर्णतः सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
महराजगंज पुलिस द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।