Tranding
Thu, 16 Apr 2026 08:48 PM

पत्रकार अग्निवेश मृत्यु प्रकरण में पत्रकारों ने डीएम से आर्थिक सहयोग व शस्त्र लाइसेंस की मांग।

एसएसपी से निष्पक्ष जांच व आरोपियों की गिरफ्तारी की उठाई जोरदार आवाज।

पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम-एसएसपी से मुलाकात कर पीड़ित परिवार को सुरक्षा, न्याय एवं दर्ज मुकदमे वापस लेने की रखी मांग।

सेराज अहमद कुरैशी

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।

गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के आजीवन सदस्य स्वर्गीय पत्रकार अग्निवेश सिंह की संदिग्ध मृत्यु प्रकरण को लेकर पत्रकारों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी के नेतृत्व में पत्रकारों के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा से मुलाकात कर न्यायोचित कार्रवाई की मांग उठाई।

पत्रकारों ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पत्रकार अग्निवेश की मृत्यु अत्यंत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि विवेचना किसी अन्य थाने अथवा स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए तथा पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी की पुनः समीक्षा एम्स गोरखपुर एवं बीआरडी मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों की संयुक्त टीम से कराई जाए। साथ ही नामजद एवं संबंधित सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

पत्रकारों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रकरण में शामिल आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं तथा दबाव बनाने की नीयत से मृतक अग्निवेश के परिजनों के विरुद्ध दर्ज कराए गए मुकदमों को तत्काल वापस लिया जाए, जिससे पीड़ित परिवार को अनावश्यक उत्पीड़न से राहत मिल सके।

इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की जांच स्टेट मेडिकल लीगल टीम से कराई जाएगी तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने मृतक पत्रकार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में पुलिस प्रशासन कोई कोताही नहीं बरतेगा।

वहीं जिलाधिकारी दीपक मीणा से मुलाकात के दौरान पत्रकारों ने मृतक के परिजनों को आर्थिक सहयोग प्रदान किए जाने तथा सुरक्षा की दृष्टि से शस्त्र लाइसेंस उपलब्ध कराए जाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने परिवार के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त करते हुए शासन स्तर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने हेतु प्रस्ताव भेजने तथा नियमानुसार शस्त्र लाइसेंस दिलाने की प्रक्रिया सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।

पत्रकार प्रतिनिधिमंडल में इस अवसर पर प्रेस क्लब उपाध्यक्ष धनेश कुमार निषाद, महामंत्री पंकज श्रीवास्तव, संयुक्त मंत्री महेंद्र गौंड, कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव, पुस्तकालय मंत्री संजय कुमार, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, रजनीश कुमार त्रिपाठी एवं अजीत सिंह शेषनारायण पांडे, अजीत यादव, सतीश पांडेय, वेद पाठक, अरुण तिवारी, फैयाज अहमद, सुनय पांडे, अनवर अहमद, संतोष सिंह, बैजू गुप्ता, सज्जाद अहमद, अंगद प्रजापति, प्रिंस तिवारी, अनुराग श्रीवास्तव, रशाद लारी, जितेंद्र यादव, सुशील कुमार, विवेक कुमार, रामशंकर यादव, सुभाष गुप्ता, अजय सोनकर, गोविंद कुशवाहा, देवकीनंद भंडारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

पत्रकारों ने स्पष्ट कहा कि पत्रकार अग्निवेश को न्याय दिलाने, पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होने तक पत्रकार समाज का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

Jr. Seraj Ahmad Quraishi
37

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap