डीआईजी ने महराजगंज में किया निरीक्षण, कानून-व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चेनप्पा ने महराजगंज जनपद का दौरा कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की गहन समीक्षा की। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए और आमजन में सुरक्षा की भावना और मजबूत होनी चाहिए। डीआईजी ने अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, पशु तस्करी और लव जिहाद जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही लूट, नकबजनी, वाहन चोरी की घटनाएं न हों और यदि कोई घटना घटित होती है तो उसका त्वरित अनावरण सुनिश्चित किया जाए।
डीआईजी ने हत्या (धारा 302) के मामलों की विवेचना को गंभीरता से लेते हुए गैंगस्टर, पुरस्कार घोषित अपराधियों, महिला संबंधी अपराध, अपहृता की बरामदगी तथा लंबित मामलों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने हिंदू-मुस्लिम अपहृता की बरामदगी के मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने के निर्देश दिए। गोवध निवारण अधिनियम के प्रभावी अनुपालन, थानों पर जमा वाहनों के शीघ्र निस्तारण और एनसीआरबी पोर्टल की नियमित जांच पर भी जोर दिया। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए डीआईजी ने मिशन शक्ति, एंटी रोमियो स्क्वाड, महिला हेल्पडेस्क की सतत मॉनिटरिंग तथा 1090, 112, 108 और यूपी कॉप (UPCOP) सेवाओं के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने, यूपी-112 के कॉल रिस्पांस टाइम में सुधार और सीएम डैशबोर्ड के मानकों को बेहतर करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।उन्होंने आइजीआरएस में जनपद के प्रथम स्थान पर रहने को संतोषजनक बताते हुए इसे बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा के साथ परतावल चौक में पैदल गश्त कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस लाइन का भ्रमण किया।