Tranding
Mon, 07 Jul 2025 02:29 AM
धार्मिक / Sep 27, 2023

ईद मिलादुन्नबी आज, तैयारी मुकम्मल।

-जलसा, जुलूस के जरिए आम होगी पैग़ंबरे इस्लाम की तालीमात

सैय्यद फरहान अहमद

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।

इस्लामी माह रबीउल अव्वल शरीफ की 12 तारीख़ पैग़ंबरे इस्लाम हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की यौमे पैदाइश का दिन है। जिसे पूरी दुनिया ईद मिलादुन्नबी त्योहार के रूप में मनाती है। गुरुवार 28 सितंबर को यह त्योहार अकीदत, एहतराम व सादगी के साथ मनाया जाएगा। ईद मिलादुन्नबी व जुलूस-ए-मोहम्मदी की तैयारियां मुकम्मल हो चुकी हैं।

जुलूस में इस्लामी परचम (झंडा) व बैनर के जरिए दीन-ए-इस्लाम का पैग़ाम आम किया जाएगा। जुलूस में पैग़ंबरे इस्लाम के जीवन, क़ुरआन और हदीस से जुड़ी तख्तियां, बैनर व मस्जिदों के मॉडल आकर्षण का केंद्र होंगे। दरूदो सलाम और नारा-ए-तक़बीर व नारा-ए-रिसालत की सदाएं बुलंद की जाएंगी। वहीं जलसा व मिलाद की महफिलों में उलमा किराम पैग़ंबरे इस्लाम की रिसालत, अज़मत, बड़ाई व फज़ीलत बयान कर लोगों से सच्चाई, ईमानदारी तथा शरीअत के मुताबिक ज़िन्दगी गुजारने की अपील करेंगे। कई मोहल्लों में लंगर भी बांटा जाएगा।

शहर की तमाम मस्जिदों पर परचम कुशाई (झंडारोहण) की रस्म परंपरा के अनुसार अदा की जाएगी। या नबी सलाम अलैका, या रसूल सलाम अलैका, मुस्तफा जाने रहमत पे लाखों सलाम, हुजूर की आमद मरहबा जैसी प्यारी सदाओं से फिजा गूंज उठेगी। 

परचम कुशाई के बाद रहमतनगर, कमेटी खुद्दामे नबी तुर्कमानपुर, अहमदनगर चक्शा हुसैन, जाफ़रा बाज़ार, मिर्जापुर चाफा, गाजी रौजा, रसूलपुर, बड़गो, तुर्कमानपुर, खूनीपुर, गोरखनाथ, दीवान बाजार, इलाहीबाग, निज़ामपुर, जाहिदाबाद, चिलमापुर, तकिया कवलदह, नखास, घासीकटरा, खूनीपुर, वारिस कमेटी मियां बाजार सहित तमाम क्षेत्रों से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जिसका सिलसिला प्रशासन की गाइडलाइन के मुताबिक सुबह छह से दोपहर बारह बजे तक व रात साढ़े दस बजे से भोर तक जारी रहेगा। नखास जुलूसों का केंद्र रहेगा। हर मुस्लिम बाहुल्य मोहल्ले में मिलादुन्नबी की महफिलें व जलसे होंगे। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बच्चों से लेकर बड़ों में काफी उत्साह दिख रहा है। नख़ास पर झंडा बैनर की दुकानें गुलजार हैं। सोशल मीडिया पर एक दूसरे को मुबारकबाद पेश की जा रही है।

गाजी मस्जिद गाजी रौजा, नूरी जामा मस्जिद चक्शा हुसैन, सुब्हानिया जामा मस्जिद तकिया कवलदह, हुसैनी जामा मस्जिद बड़गो, चिश्तिया मस्जिद बक्शीपुर समेत सभी मस्जिद, दरगाह, घर व मोहल्लों को फूलों, लाइटों, इस्लामी झण्डों, गुब्बारों, झंडियों से सजाया गया है। घर, मस्जिद व दरगाहों पर इस्लामी झंडे शान से लहरा रहे हैं। कई जगहों पर जुलूस के इस्तकबाल के लिए गेट भी तैयार किए गए हैं। मोहल्ला अहमदनगर चक्शा हुसैन को बहुत ही शानदार तरीके से सजाया गया है।

बुधवार की शाम से गोलघर, अहमदनगर चक्शा हुसैन, गाजी रौजा, खूनीपुर, रहमतनगर, सूर्य विहार तकिया कवलदह सहित तमाम मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों के घरों, मस्जिदों में मिलादुन्नबी की महफिल, जलसा, क़ुरआन ख़्वानी, फातिहा ख़्वानी, दुआ ख़्वानी व नात ख़्वानी का दौर शुरू हो गया है। गौसे आजम फाउंडेशन की ओर से फल बांटा। 

Jr. Seraj Ahmad Quraishi
57

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2025. SiteMap