प्रवक्ता परीक्षा को लेकर अलर्ट दिखी महराजगंज पुलिस, एएसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
करुणाकर राम त्रिपाठी
महराजगंज, उत्तर प्रदेश।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारम्भिक) परीक्षा-2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता के साथ दायित्व निर्वहन, परीक्षा केंद्रों के आसपास प्रभावी चेकिंग तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
पुलिस प्रशासन के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा परीक्षा अवधि के दौरान लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न हो सके।