पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रवीण कृष्ण त्रिपाठी की पहल रंग लाई, अहिल्याबाई वार्ड में लगा विद्युत पोल
करुणाकर राम त्रिपाठी
परतावल, महराजगंज, उत्तर प्रदेश
नगर पंचायत परतावल के अहिल्याबाई नगर वार्ड नंबर 7 अंतर्गत देवीपुर क्षेत्र में लंबे समय से झूलते विद्युत तारों के कारण हादसे की आशंका बनी हुई थी। स्थानीय लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रवीण कृष्ण त्रिपाठी ने दिनांक 22 अप्रैल को अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड को लिखित पत्र देकर तत्काल विद्युत पोल लगाए जाने की मांग की थी।
पत्र में बताया गया था कि कई स्थानों पर तार जमीन के काफी समीप झूल रहे थे तथा बिना पोल के स्थिति अत्यंत खतरनाक बनी हुई थी, जिससे वार्डवासियों खासकर बच्चों और बुजुर्गों को दुर्घटना का खतरा बना रहता था। उस दौरान अधिकारियों द्वारा शीघ्र पोल लगवाने का आश्वासन दिया गया था।
अब संबंधित स्थान पर विद्युत पोल लगाए जाने का कार्य पूरा हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। वार्डवासियों ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रवीण कृष्ण त्रिपाठी एवं विद्युत विभाग का आभार जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी और लोगों को राहत मिलेगी।