Tranding
Wed, 10 Jun 2026 04:37 PM

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को प्रदान किया आईएसओ सर्टिफिकेट

करुणाकर राम त्रिपाठी

महराजगंज, उत्तर प्रदेश

कलेक्ट्रेट व समस्त तहसीलों के आधुनिकीकरण, कम्प्यूटरीकरण, स्वच्छता एवं कार्य प्रणाली में नवाचार की दिशा में विशिष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य के लिए मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ द्वारा जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को आईएसओ प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

       कलेक्ट्रेट सहित जनपद की समस्त तहसीलों को आधुनिक और आमजन अनुकूल बनाने और इंटरनेशनल स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन के मानकों के अनुरूप आधुनिक करने के उद्देश्य से आईएसओ सर्टिफिकेशन की पहल शुरू की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुग्राम की संस्था सान्वी मैनेजमेंट द्वारा जनपद के सभी तहसीलों और कलेक्ट्रेट में सिस्टम, प्रोसेस, इंफ्रास्ट्रक्चर व तकनीकी क्षेत्र में कुल 52 पैरामीटर पर सुधार किए गए। इसके तहत कार्मिकों का प्रशिक्षण, हेल्प डेस्क, पेयजल की उत्कृष्ट व्यवस्था, फीडबैक व शिकायत निवारण प्रणाली, कूड़ा व जल प्रबंधन, परिसर का सुंदरीकरण, सहित अनेक कार्य कराए गए।

     इसके साथ ही ई ऑफिस प्रणाली लागू की गई। अत्याधुनिक मीटिंग हॉल, ऊर्जा दक्ष विद्युत उपकरण, कार्यालयों के लेआउट में सुधार जैसे कार्य किए गए। कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यालयों की सूची कक्ष संख्या प्रदर्शित की गई। पटलों पर पद व नाम पट्टिका लगाई गई। कार्यालयों में वॉल पेंटिंग, आधुनिक शौचालय, दिव्यांग अनुकूल कार्य कराकर तहसीलों और कलेक्ट्रेट को जनता के लिए ज्यादा से ज्यादा सुविधाजनक और आरामदेह बनाया गया। कार्मिकों के लिए आई कार्ड जारी किए गए और उनका प्रशिक्षण कराया गया। इससे न सिर्फ कलेक्ट्रेट व तहसील कार्यालयों का कायाकल्प हुआ और अवसंरचनात्मक सुधार हुआ, बल्कि आमजन के लिए भी सुविधाओं का विकास हुआ। दिव्यांगों व बुजुर्गों के लिए रैंप और सहायक उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। महिलाओं के लिए क्रेच (शिशु सदन) बनाया गया। 

     आईएसओ प्रमाणन हेतु सलाहकारी संस्था शान्वी मैनेजमेंट के पदाधिकारी आजाद सिंह ने बताया कि आईएसओ प्रमाणन हेतु सर्वप्रथम जिलाधिकारी के निर्देश पर गैप एनालिसिस किया गया। इसके बाद प्राप्त कमियों को दूर किया गया और निर्धारित मानक के अनुसार कार्य कराए गए। सर्टिफिकेशन से पहले समस्त कार्यालयों का थर्ड पार्टी ऑडिट भी कराया गया।

     जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि कलेक्ट्रेट और समस्त तहसीलों सहित संपूर्ण जिला प्रशासन के लिए यह उपलब्धि है। इससे न सिर्फ कलेक्ट्रेट और तहसीलों में कार्य का वातावरण बेहतर हुआ है, बल्कि कार्य उत्पादकता में भी वृद्धि हुई है। साथ ही आमजन के लिए सर्विस डिलीवरी भी बेहतर हुई है और कार्यालयों की कार्यपद्धति में पारदर्शिता आई है। आई.टी. के अधिकतम इस्तेमाल से मानवों हस्तक्षेप को कम किया गया है। इस सम्पूर्ण प्रयास का उद्देश्य मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सेवा, सुशासन और समयबद्धता की भावना को साकार करना है। हमारा प्रयास है कि जनपद के सभी कार्यालयों का उच्चीकरण कराते हुए उनका आईएसओ प्रमाणन कराया जाएगा।

Karunakar Ram Tripathi
143

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap