Tranding
Sun, 08 Nov 2026 09:11 PM

निर्धारित रूट व समय से ही निकले जुलूस: जिलाधिकारी

 महावीरी झण्डा जुलूस की तैयारियों के सम्बन्ध में सभी कमेटी के साथ की बैठक

 जुलूस में अनुशासन का पालन हो, डीजे की ऊंचाई व साउण्ड ज्यादा नहीं होनी चाहिए

रिपोर्ट - धनंजय शर्मा 

बलिया: महावीरी झण्डा जुलूस को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने सभी जुलूस के आयोजकों के साथ बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। उन्होंने कहा कि पूर्व से चल रही परम्परा के अनुसार इस बार भी महावीरी झण्डा का आयोजन होगा। जुलूस अपने निर्धारित रूट व समय से ही निकले। विशेष निर्देश दिया कि जुलूस में अनुशासन होना चाहिए। अनुशासन होगा तो किसी प्रकार दिक्कत होगी ही नहीं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जुलूस में मूर्ति व डीजे की ऊंचाई अधिक नहीं होनी चाहिए, आयोजक यह सुनिश्चित कराएं। हर जूलूस में उनके वालंटियर हों, जो हर स्थिति पर नजर रख सकें और कहीं भी कोई दिक्कत समझ में आए तो उस पर नियंत्रण करें। नियंत्रण नहीं हो तो प्रशासन को बताएं। डीजे का साउण्ड भी सीमित मात्रा में रहे, ताकि उच्च रक्तचाप या दिल से सम्बन्धित मरीज व अन्य व्यक्तियों को कोई दिक्कत नहीं हो। नगरपालिका के ईओ सड़क पर गड्ढ़ों को देख लें। बिजली विभाग के अभियंता को निर्देश दिया कि कहीं भी ढ़ीले या लटके तार हो तो उसे टाइट कर दें। जुलूस के रास्तों की ही बिजली काटी जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि महावीरी झण्डा जुलूस के दिन ही रक्षाबंधन का महत्वपूर्ण त्योहार भी है। उस दिन दूर से हमारी बहनें राखी बांधने आती है। विभिन्न जगहों पर जाकर वह रांखी बांधती है, लिहाजा इस बात का ख्याल रखें कि उन बहनों को कोई दिक्कत नहीं होने पाए। अन्यथा की स्थिति में पूरी जिम्मेदारी आयोजक की ही होगी। पुलिस अधीक्षक विक्रांतवीर ने कहा कि परम्परा के हटके कुछ नहीं होना चाहिए। जुलूस में निर्धारित रूट व समय का विशेष ख्याल रखा जाए, ताकि समय से जूलूस सम्पन्न् हो सके। यह सुनिश्चित कराएं कि जुलूस में कोई भी अराजक तत्व नहीं हो। लाठी के अलावा कोई अस्त्र—शस्त्र नहीं होना चाहिए। हर्षोल्लास के साथ महावीरी झण्डा का त्योहार मनाएं, लेकिन इस बात का ख्याल रखें कि आपकी वजह से किसी नागरिक कोई परेशानी नहीं हो। कोई ऐसा कृत्य नहीं हो, जिससे पुलिस को किसी प्रकार की कार्यवाई की आवश्यकता पड़े। इससे पहले एडीएम डीपी सिंह व एएसपी अनिल झा ने जुलूस को लेकर विस्तार से जरूरी जानकारी दी और आयोजकों को दिशा—निर्देश भी दिये। बैठक में सभी सम्बन्धित अधिकारियों के अलावा साहित्यकार शिवकुमार सिंह कौशिकेय, असगर अली व सभी 9 कमेटियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Karunakar Ram Tripathi
103

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap