Tranding
Mon, 13 Apr 2026 09:16 AM
शिक्षा / Dec 18, 2025

स्मार्ट स्टडी व नियमित रिवीजन सफलता की कुंजी है - प्रधानाचार्य मुख्तार अहमद

तनाव से बचें और खुद पर विश्वास रखें : प्रधानाचार्या शम्सा अंसारी 

सैय्यद फरहान अहमद

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।

बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर इस्लामिया गर्ल्स इंटरमीडिएट कॉलेज, जाहिदाबाद गोरखनाथ में अल कलम एसोसिएशन की ओर से दो दिवसीय 'आओ करें, परीक्षा पर चर्चा' विषय पर कार्यक्रम हुआ। हाईस्कूल परीक्षा देनी वाली छात्राओं को समय प्रबंधन व सफलता के टिप्स दिए गए। छात्राओं के सवाल का जवाब भी दिया गया। शुक्रवार को इंटरमीडिएट की छात्राओं की रहनुमाई की जाएगी।

मुख्य अतिथि मियां साहब इस्लामिया इंटर कॉलेज बक्शीपुर के प्रधानाचार्य मुख्तार अहमद ने कहा कि स्मार्ट स्टडी (कम समय में ज्यादा पढ़ना) और नियमित रिवीजन सफलता की कुंजी है, जिसमें समय प्रबंधन और मॉक टेस्ट जरूरी है ताकि आप तनाव कम कर सकें और बेहतर स्कोर कर सकें। परीक्षा में कामयाबी के लिए एक ठोस अध्ययन योजना बनाएं। हर विषय के लिए समय बांटें। पढ़ाई के दौरान सकारात्मक सोचें। हर विषय के लिए स्टडी प्लान बनाएं। हर दिन थोड़ा-थोड़ा पढ़ें। हर 45-60 मिनट के बाद 10-15 मिनट का ब्रेक लें, इससे एकाग्रता बढ़ती है। पढ़ाई के लिए शांत और व्यवस्थित जगह चुनें। अपनी क्षमताओं पर विश्वास करें और सफलता की कल्पना करें, इससे चिंता कम होती है। जंक फूड से बचें। पौष्टिक भोजन खाएं। हर रात पूरी नींद लें। रात भर जागने से बचें। परीक्षा के लिए अपना बैग, कपड़े आदि पहले से तैयार कर लें।‌ घबराएं नहीं। शांत दिमाग से पेपर हल करें।

अध्यक्षता करते हुए इस्लामिया गर्ल्स इंटरमीडिएट कॉलेज की प्रधानाचार्या शम्सा अंसारी ने कहा कि अपने सभी विषयों को कवर करने के लिए एक व्यावहारिक शेड्यूल बनाएं। कठिन विषयों को अधिक समय दें। अपनी तैयारी शुरू करने से पहले परीक्षा के सिलेबस और मार्किंग स्कीम को अच्छी तरह समझ लें। पढ़ाई के दौरान महत्वपूर्ण बिंदुओं के संक्षिप्त नोट्स बनाएं। जो कुछ भी आपने पढ़ा है, उसे नियमित अंतराल पर दोहराते रहें ताकि आप उसे भूलें नहीं। 

वरिष्ठ शिक्षक आसिफ महमूद ने कहा कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए एक योजना बनाएं। सिलेबस को समझें। हर विषय के लिए समय तय करें, कमजोर विषयों पर ज़्यादा ध्यान दें। कठिन टॉपिक्स को आसान बनाएं। सिर्फ पढ़ें नहीं, बल्कि खुद को टेस्ट करें। शॉर्ट नोट्स तैयार करें, खासकर हिंदी जैसे विषयों के लिए मात्रा और व्याकरण पर ध्यान दें। तनाव से बचें और खुद पर विश्वास रखें। परीक्षा के दौरान शांत रहना आपकी परफॉरमेंस को सुधारता है। 

युवा शिक्षक कारी मुहम्मद अनस रजवी ने कहा कि परीक्षा जैसे माहौल में मॉक टेस्ट दें ताकि समय प्रबंधन और परीक्षा के तनाव को कम किया जा सके। पहले 15 मिनट प्रश्न पत्र पढ़ने और समझने में लगाएं। पहले आसान सवालों को हल करें, फिर कठिन पर जाएं। उत्तर लिखते समय साफ-सुथरा और व्यवस्थित लिखें, दोहराव से बचें। सकारात्मक सोच से आत्मविश्वास बढ़ता है। जहां फंसें, वहां शिक्षकों या सहपाठियों से पूछें। 

कार्यक्रम में मंतशा परवीन, रूद्रावती सिंह, फहमीदा बानो, शीरीन सेराज, नाजिया शगुफ्ता, महमूद आलम, सकीना बेगम, मसर्रत जहां, सोनी गुप्ता सहित तमाम छात्राएं शामिल हुईं।

-------------------

Jr. Seraj Ahmad Quraishi
50

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap