Tranding
Wed, 22 Apr 2026 12:49 PM

मुस्लिम पार्षदों की संख्या घटकर हुई 13

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश। 

नगर निकाय चुनाव के नतीजे शनिवार को घोषित हुए। सदन में मुस्लिम पार्षदों की संख्या घटकर 13 हो गई है। मुस्लिम पार्षदों में सबसे ज्यादा पढ़ी लिखी आयशा खातून हैं।

गोरखपुर नगर निगम के 80 वार्डों में से 13 में मुस्लिम प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। जीत-हार का अंतर भी काफी कम रहा है। वर्ष 2017 के नगर निगम चुनाव में 16 मुस्लिम प्रत्याशी चुनाव जीतने में कामयाब हुए थे। वहीं 2012 में सिर्फ 11 सीटों पर मुस्लिम प्रत्याशी जीते थे। 

इस चुनाव में वार्ड नंबर 5, 30, 32, 33, 42, 49, 55, 58, 61, 62, 63, 74, 76 पर मुस्लिम प्रत्याशी जीते हैं। जिसमें भाजपा का 1, बसपा का 1, निर्दल 2 और सपा का 9 मुस्लिम प्रत्याशी कामयाब हुआ है। सपा के जियाउल इस्लाम लगातार पांचवीं बार जीते हैं। वहीं शहाब अंसारी, शबीहा खातून, शमीम आरा, आयशा खातून, जुबैर अहमद अंसारी अपनी सीट बचाने में कामयाब हुए हैं। सबसे दिलचस्प मुकाबला मुस्लिम बाहुल्य वार्ड 74 संत झूलेलाल नगर (अहमदनगर चक्शा हुसैन) में देखने को मिला। यहां कुल 17 प्रत्याशी मैदान में थे। यहां निर्दल प्रत्याशी नूर मोहम्मद ने 1273 वोट हासिल कर निर्दल प्रत्याशी को हराया। यहां सपा, बसपा, कांग्रेस, भाजपा सभी ने चुनाव लड़ा लेकिन कामयाबी निर्दल प्रत्याशी को हासिल हुई। यहां समस्याएं भी खूब है जिनका समाधान कराना कठिन चुनौती से कम नहीं है। वहीं वार्ड 61 साहबगंज में मुकाबला त्रिकोणीय रहा। यहां सपा दो खेमों में बंटी थी। फिर भी जीत सपा के खाते में आई। बेनीगंज रुद्रपुर में सपा की जीत महज 69 वोटों से हुई।

कई मुस्लिम बाहुल्य वार्डों में मुस्लिम प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा है जिसमें वार्ड नंबर 50, 54, 59, 68, 78 आदि शामिल है। कई पूर्व पार्षद जैसे इरशाद अहमद, नादिरा, अनीस, मतीउद्दीन आदि चुनाव हार गए।

सीएम योगी आदित्यनाथ के पुराना गोरखपुर वार्ड नं. 78 पर भाजपा ने जीत हासिल की है। पिछली बार निर्दल प्रत्याशी नादिरा खातून ने कामयाबी हासिल की थी। 

वार्डों में जीत दर्ज करने वाले मुस्लिम प्रत्याशी

1. वार्ड नंबर 62 माया बाजार से

निर्दल प्रत्याशी समद गुफरान 1205 वोट पाकर जीते। 

2. वार्ड 61 साहबगंज से सपा प्रत्याशी शहाब अंसारी 1719 वोट पाकर जीते।

3. वार्ड 5 बाबा गंभीर नाथ नगर से भाजपा की हकीकुन निशा 2227 वोट पाकर जीतीं।

4. वार्ड 63 जगन्नाथपुर से सपा के मोहम्मद दिलशाद आलम 1692 वोट पाकर जीते।

5. वार्ड 49 बेनीगंज रुद्रपुर से सपा की शबीहा खातून 1401 वोट पाकर जीतीं।

6. वार्ड 42 महाराणा प्रताप नगर से सपा के आयशा खातून 2055 वोट पाकर जीतीं।

7. वार्ड 30 गुलरिहा से बसपा की समीना 1835 वोट पाकर जीतीं।

8. वार्ड 55 बंधू सिंह नगर से सपा के मोहम्मद शाहिद 1986 वोट पाकर जीते।

9. वार्ड 33 नरसिंहपुर से सपा की शमीम आरा 1303 वोट पाकर जीतीं।

10. वार्ड 32 शहीद अशफाक उल्लाह नगर से सपा की अलीमुन निशा 3292 वोट पाकर जीतीं।

11. वार्ड 58 सूरज कुंड धाम नगर से सपा के जुबैर अहमद 1714 वोट पाकर जीते।

12. वार्ड 76 घंटाघर से सपा के जियाउल इस्लाम 2351 वोट पाकर जीते।

13. वार्ड 74 संत झूलेलाल नगर से निर्दल नूर मोहम्मद 1273 वोट पाकर जीते।

छह मुस्लिम महिलाएं पार्षद बन पहुंची निगम। 

नगर निगम सदन में 13 वार्डो से मुस्लिम प्रत्याशी चुनाव जीत कर पहुंचे हैं जिनमें छह मुस्लिम महिलाएं शामिल हैं। पिछली बार भी यह संख्या छह थी। इस बार वार्ड 5 बाबा गंभीर नाथ नगर से भाजपा की हकीकुन निशा, वार्ड 49 बेनीगंज रुद्रपुर से शबीहा खातून, वार्ड 42 महाराणा प्रताप नगर से सपा की आयशा खातून, वार्ड 30 गुलरिहा से बसपा की समीना, वार्ड 33 नरसिंहपुर से सपा की शमीम आरा, वार्ड 32 शहीद अशफाक उल्लाह नगर से सपा की अलीमुन निशा ने जीत हासिल की है।

Karunakar Ram Tripathi
111

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap