खरैया पोखरा के सुंदरीकरण में बाधक अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलेगा।
सेराज अहमद कुरैशी
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।
खरैया पोखरा के सुंदरीकरण में बाधक अवैध निर्माणों पर बुधवार को बुलडोजर चलेगा। नगर निगम ने 15 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए हैं जिनमें से 6 ने पक्का निर्माण कर रखा है। सोमवार को प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रोकने के साथ ही अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी। अतिक्रमण न हटाने पर कार्रवाई की जाएगी।
महानगर के बशारतपुर के खरैया पोखरा के सुंदरीकरण में बाधा बन रहे अवैध निर्माण पर बुधवार को बुलडोजर चलाने की तैयारी है। सोमवार को नगर निगम के प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंच कर अवैध निर्माण रोकने के साथ ही संबंधित को चेताया भी था। करीब तीन माह पूर्व नगर निगम और तहसील प्रशासन की संयुक्त पैमाइश में 01.55 एकड़ क्षेत्रफल में जिन 15 लोगों का अवैध कब्जा मिला था, नगर निगम ने सभी को नोटिस भी जारी कर रखा है। इनमें छह लोगों ने पक्का निर्माण करा रखा है। जबकि, कुछ ने खाली प्लाट पर चहारदीवारी चलाकर कब्जा किया है।
पैमाइश के दौरान स्पष्ट हुआ था कि अभिलेखों में तालाब का मूल रकबा 3.41 एकड़ है, जबकि मौके पर करीब डेढ़ एकड़ भूमि पर कब्जा है। इसी बीच सोमवार को निगम प्रशासन को जानकारी हुई एक और व्यक्ति की ओर से पोखरे की जमीन पर कब्जा किया जा रहा है।
अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रवर्तन दल ने निर्माण कार्य रोकने के साथ ही बाकायदा लाउडस्पीकर के जरिए घोषणा कर अतिक्रमणकारियों को मंगलवार तक अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी।