Tranding
Tue, 21 Apr 2026 09:43 PM
राजनीति / May 27, 2024

रिंकी कोल को पड़ा वोट मोदी जी और श्रवण गौड़ को पड़ा वोट मेरे पास आएगाः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने रॉबटर्सगंज लोकसभा से एनडीए प्रत्याशी रिंकी रोल तथा दुद्धि विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी श्रवण कुमार गोड़ के लिए मांगा वोट।

2025 को भारत जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाया जाएगाः सीएम

गरीबों के शोषक का वही हाल होगा, जिसके वे हकदार हैंः योगी

भगवान बिरसा मुंडा ने भारत की आजादी के लिए किया था सर्वस्व न्योछावरः सीएम

सोनभद्र, उत्तर प्रदेश।

प्रधानमंत्री मोदी के मन में भारत के विकास और विरासत के बारे में संवेदना है। उसी का परिणाम है कि 500 वर्ष बाद अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो गया है। पीएम मोदी ने 2025 को जनजातीय (भगवान बिरसा मुंडा) वर्ष के रूप में घोषित करने का ऐलान किया है। भारत अगला वर्ष जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाएगा। भगवान बिरसा मुंडा महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। भारत की आजादी के लिए उन्होंने सर्वस्व न्योछावर करते हुए जनजातीय बंधुओं को इससे जोड़ने के लिए प्राण प्रण से कार्य किया था। सीएम ने अपील की कि लोकसभा चुनाव में रॉबटर्सगंज और विधानसभा चुनाव में दुद्धि भी देश की आवाज के साथ जुड़ेगा। रिंकी कोल को कप प्लेट चुनाव निशान पर मिला वोट दिल्ली में पीएम मोदी और श्रवण गौड़ को कमल पर वोट सीधे मेरे पास आएगा। 

उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। उन्होंने सोमवार को सोनभद्र के दुद्धि में जनसभा की। यहां रॉबटर्सगंज लोकसभा से एनडीए प्रत्याशी व विधायक रिंकी रोल तथा दुद्धि विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी श्रवण गौड़ के लिए वोट मांगा। 

भारत के आगे नतमस्तक है दुनिया।

सीएम ने कहा कि भारत दुनिया की बड़ी ताकत बन रहा है। इसका परिणाम है कि दुनिया भारत के आगे नतमस्तक है। देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। नक्सलवाद और आतंकवाद समाप्त हो गया। पहले जगह-जगह विस्फोट होते थे, जिसमें निर्दोष मारे जाते थे। सेना के जवान शहीद होते थे पर आज नए भारत को कोई छेड़ता नहीं है, क्योंकि छेड़ने वाले को पता है भारत छोड़ता नहीं है। 

सपा सरकार में माफिया कब्जा करते थे।

सीएम ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के समय गरीब जनजातीय समाज व अनुसूचित जाति के लोग भूख से तपड़ते थे। किसान आत्महत्या और नौजवान पलायन करता था। दबंग-माफिया जमीनों पर कब्जा करते थे। हमने सोनभद्र के लिए विशेष व्यवस्था की है। चेरो, गौड़, बुक्शा, थारू, कोल समाज के जिन लोगों के पास मकान नहीं था, उन्हें मकान उपलब्ध कराया गया है। मोदी जी ने घोषणा की है कि अगले पांच वर्ष में शेष बचे गरीबों को मकान देंगे। 

गरीबों के शोषक का वही हाल होगा, जिसके वे हकदार हैं।

सीएम ने कहा कि हमने पहले शुरुआत कर दी है। माफिया को मिट्टी को मिलाकर कब्जा की गई संपत्ति सरकार वापस ले रही है और आवास, हाईराइज बिल्डिंग बनाकर गरीबों को फ्लैट आवंटित किया जा रहा है। पहले माफिया पुलिस और व्यापारी को भगाता था। अब वह गले में तख्ती लगाकर घूम रहा है कि जान बख्श दो। हमने कहा है कि गरीबों के शोषक का वही हाल होगा, जिसके वे हकदार हैं। पहले माफिया हावी होते थे पर आज समाप्त हो गए। 

विकास बाधित करने वालों को वोट के लिए तरसाइए।

सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सुरक्षा, विकास की गारंटी दे रही है। फोरलेन-सिक्सलेन की सड़कें बन रही हैं। जिन जनजातीय परिवारों के पास संपत्ति नहीं हैं, उन्हें पट्टा करने की कार्रवाई अंतिम चरण में चल रही है। हर परिवार को उसका अधिकार देकर ही रहेंगे। भाजपा की सरकार हर घर नल से जल पहुंचाया है, लेकिन जिन लोगों ने 70 वर्ष तक पानी की एक-एक बूंद और विकास के लिए तरसाया था। बेटी-व्यापारी की सुरक्षा और विकास को बाधित करने वालों को एक-एक वोट के लिए तरसाइए। 

सपा वाले रामभक्तों पर चलाते थे गोली।

सीएम ने कहा कि सपा के लोग रामद्रोही हैं। यह रामभक्तों पर गोली चलाते थे। यह आज भी कह रहे कि सपा-कांग्रेस सत्ता में आई तो ओबीसी, अनुसूचित जाति व जनजाति का आरक्षण मुसलमानों को दे देंगे, लेकिन भाजपा धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होने देगी। यह सत्ता में आने पर विरासत टैक्स लगाएंगे। इनका विरासत टैक्स औरंगजेब का जजिया कर है। हम यह विरासत टैक्स भी नहीं लगाने देंगे। सपा-कांग्रेस को वोट देने से राम मंदिर का मिला पुण्य पाप में बदल जाएगा। 

अपीलः चार दिन में 40 घर जाएं और मतदाताओं को वोट दिलाना सुनिश्चित करें।

सीएम ने कहा कि सोनभद्र वाले बहादुरी से काम करते हैं। आप पर हमें गर्व है। अगला चार दिन देश को दें। हर व्यक्ति 10-10 घर जाकर आत्मनिर्भर-विकसित भारत और मोदी जी को फिर पीएम बनाने के लिए वोट मांगे। बोले कि रिंकी कोल को कप-प्लेट पर वोट देकर दिल्ली भेजना है। उत्तर प्रदेश को माफिया मुक्त करने के साथ ही उसकी संपत्ति पर गरीबों के मकान बनाने, महिला संरक्षण गृह स्थापित करने, अच्छे हॉस्पिटल के साथ विकास प्रक्रिया को बढ़ाने तथा अयोध्या, काशी के बाद मथुरा की तरफ बढ़ने कि लिए कमल का फूल खिलाना है। हर व्यक्ति चार दिन में 40 घर जाकर संपर्क करे और हर मतदाताओं को मतदान केंद्र ले जाकर वोट दिलाए।  

जनसभा में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, संजीव गौड़, राज्यसभा सांसद रामसकल, भाजपा के प्रदेश मंत्री शंकर गिरि, जिलाध्यक्ष नंदलाल, जिला प्रभारी अनिल सिंह, विधायक भूपेश चौबे, अनिल कुमार मौर्य, विधान परिषद सदस्य दिलीप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्र, अपना दल जिलाध्यक्ष सत्यनारायण पटेल, पूर्व विधायक रुबी प्रसाद आदि की मौजूदगी रही।

Jr. Seraj Ahmad Quraishi
94

Leave a comment

logo

Follow Us:

Flickr Photos

© Copyright All rights reserved by Bebaak Sahafi 2026. SiteMap